शनिवार, 17 सितंबर 2022

कथा-श्रृंखला - हमारी अम्मा और पड़ौस की चाची की चौपाल - 14

कथा-श्रृंखला - हमारी अम्मा और पड़ौस की चाची की चौपाल

''''''''''''''''''

लेखक - केशव राम सिंघल

''''''''''''''''''

14

 

आज की बातचीत में स्थानीय झील में जलकुम्भी का मामला चाची ने उठा दिया, कहने लगीं - एक बार फिर हमारे शहर की मुख्य झील में तेजी से जलकुंभी पैर पसार रही है जबकि इसी झील की सुंदरता बढा़ने के नाम पर करोड़ों रूपए सरकार खर्च कर रही है। जलकुंभी की सफाई के लिए नगर निगम ने डिविडिंग मशीन खरीद रखी है, इसके बावजूद झील में जलकुम्भी बढ़ रही है।

 

तभी अम्मा जी ने कहा - नगर निगम तो बस अपने लोगों को ठेके देने में लगा रहता है। बिल बन जाते हैं और पैसा उठा लिया जाता है। जमीन पर काम होता नहीं। ऐसा ही जलकुम्भी के मामले में हुआ होगा।

 

अम्मा जी की बात सुनने के बाद शैलबाला बोली - अम्मा जी, जलकुंभी एक पानी में उगने वाला जंगली पौधा है जिसका इस्तेमाल कई बीमारियों को दूर करने के लिए किया जाता है। इसका स्वाद मीठा और हल्का तीखा होता है। जलकुंभी की पत्तियों, फल और फूल का इस्तेमाल किया जाता है। जलकुंभी में विटामिन की मात्रा पाई जाती है जो हमारी हड्डियों के लिए फायदेमंद होता है, वहीं इसमें विटामिन भी मौजूद होता है, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जुकाम जैसे वायरस समस्याएँ दूर होती हैं। जलकुंभी में विटामिन बी6, प्रोटीन, विटामिन ए, विटामिन बी, प्रोटीन, मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व होते हैं। जलकुंभी को आयुर्वेद में औषधी के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, जिससे कई बीमारियों का इलाज होता है। लोग इसे बेकार समझते हैं और उखाड़ कर यूंही फेंक देते हैं। यह ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और डायबिटीज से लेकर कैंसर तक में कारगर है। कई स्थानों पर यह बाजार में भी बिकती है और लोग इसे सब्जी और सलाद की तरह खाते हैं। साथ ही, इसका फूल काफी सुंदर होता है। इसके फूल को सजावट के तौर पर भी उपयोग में लिया जाता है। जलकुंभी की जड़े मोटी और खोखली होती हैं। यह पौधा पानी को शुद्ध करने का काम करता है। आयुर्वेद दवा कंपनियों से संपर्क कर या अन्य ठेकेदारों को इस पौधे के उत्पादों को नगर निगम बेचकर अच्छी आय अर्जित कर सकता है। इस प्रकार अपने शहर के झील की जलकुंभी एक समस्या नहीं, आय का अच्छा स्रोत हो जाएगी।

 

चाची बोली - अरे शैलबाला, तुमने तो बहुत ही सटीक जानकारी दी है। इसे मैं अपने वार्ड के पार्षद को बताऊँगी, शायद वह कुछ कर सके।

 

तभी सुरुचि ने कहा - मैंने एक खबर पढ़ी थी जलकुम्भी के बारे में। असम के दिपोर बील झील में जलकुम्भी बढ़ी जा रही थी। वहाँ की छह लड़कियों ने झील की जलकुम्भी से बायोडिग्रेडेबल योगा मैट बना लिया है और अपने प्रोजेक्ट का नाम 'सीमांग' रखा है। मैट बनाने, रंगने, बुनने की विधि इको फ्रेंडली है और जलकुम्भी से बना मैट स्लिप-प्रूफ है।

 


अम्मा जी ने कहा - सुरुचि, कैसे तैयार करते हैं मैट? यदि कुछ जानकारी हो तो बताओ।

 

सुरुचि बोली - अम्मा जी, ज्यादा जानकारी तो मुझे नहीं है, फिर भी जितना मुझे पता है, बताती हूँ। मैट बनाने के लिए सबसे पहले जलकुम्भी को पानी से निकालकर धूप में सुखाया जाता है। पच्चीस किलो जलकुम्भी सूखकर करीब चार-पाँच किलो के लगभग हो जाती है, जिसके स्टेम को रुई के धागों के साथ बुनकर मैट तैयार किया जाता है।

 

चाची बोली - वाह। यह तो बहुत ही लाभदायक जानकारी दी तुमने।

 

तभी सुरुचि बोली - चाची, इस तरह बनी एक मैट बारह सौ रूपये से अधिक में बिक जाती है।

 

चाची ने कहा - यह बात भी मैं पार्षद को बताऊँगी। 

 

आज की बातचीत में राजनीति पर भी चर्चा हुई। अम्मा जी कहने लगीं - बहुत से लोग पूछते हैं कि मोदी जी का विकल्प कौन? और साथ ही कहते हैं कि मोदी जी को कोई विकल्प नहीं। विपक्ष चेहरा विहीन है जो मोदी जी का मुकाबला कर सके। कोई ऐसा नेता नहीं है जो मोदी जी का विकल्प हो। अधिकाँश ने मोदी जी को नायक मान लिया है जिसके सहारे वे समाज की समस्याओं से मुक्ति का स्वप्न देखते हैं।

 

तभी चाची बोली - हमारे देश की राजनीति नायक केंद्रित राजनीति रही है। हम नायक को पूजते हैं और उसी पर भरोसा करते हैं। हम विकल्प के लिए तैयार ही नहीं होते। नायक केन्द्रित मनोदशा ने हमारी स्थिति ऐसी कर दी है कि हम बस नायक की तलाश करते रह जाते हैं, और वर्तमान नायक से मोह छोड़ नहीं पाते। इंदिरा थीं तो हम इंदिरा इंदिरा करते थे, अब मोदी जी हैं तो हम मोदी मोदी करते हैं। हमें तो सिर्फ नायक चाहिए ताकि हम बेफिक्र रहें।

 

चाची ने जैसे ही बात ख़त्म की शैलबाला ने कहा - हम सिस्टम सुधारना नहीं चाहते, बस नायक पर आश्रित रहते हैं। क्या ऐसा नहीं लगता कि नायक की लगातार पूजा कर हम हम वैचारिक शून्यता की ओर जा रहे हैं? क्या हम नायक ही खोजते रहेंगे या फिर अच्छा विचार, अच्छा मूल्य, अच्छी प्रक्रिया, अच्छी नीति, अच्छी व्यवस्था खोजने के लिए कुछ करेंगे।

 


शैलबाला की बात सुनकर राजरानी बोली - नायक के नाम पर हम हमेशा भ्रमित होते रहे है। सांसद, विधायक चुनने के लिए हम अपना वोट प्रत्याशी के चरित्र और योग्यता को देखकर नहीं करते, बल्कि नायक के नाम पर वोट देते हैं। हम मान लेते हैं कि नायक की पार्टी का प्रत्याशी ही सबसे अच्छा प्रत्याशी है। हम नायक पर सबसे अधिक विश्वास करते हैं और यही हमारी सबसे बड़ी भूल होती है।  नायक के नाम पर वोट देने के कारण हम ऐसे लोग चुन लेते हैं जो अनेक अपराधों में आरोपी होते हैं और इन्ही लोगों में से कुछ मंत्री, मुख्यमंत्री आदि बन कर हम पर राज करते है। जिनकी जगह कारागार में होनी चाहिए, वे हमारे सत्ताधीश बन जाते हैं।

 

तब चाची ने कहा - सही बात कह रही हो तुम सभी। नायक को सिर्फ अपनी ताकत बढ़ाने में दिलचस्पी होती है और इसके लिए वह किसी आलोचना को पसंद नहीं करता। नायक अपने अनुयाईयों से केवल प्रशंसा के गीत सुनना चाहते हैं। नायक को अत्यधिक महत्त्व देना और उसी को सबसे श्रेष्ठ मान लेना हमारी मानसिक और सांस्कृतिक दरिद्रता को दर्शाता है। हमें नायक स्तुति से बचना चाहिए। जब भी हम नायक स्तुति में लिप्त रहते हैं, यह हमारी विश्लेषण करने की योग्यता और आलोचनात्मक विवेक को एक कोने में रख देता है, क्यों कि हम अच्छे विचार, अच्छे मूल्य, अच्छी प्रक्रिया, अच्छी नीति, अच्छी व्यवस्था पर बहस ना कर नायक पर बहस कर रहे होते हैं। नायक राजनीति को केन्द्र में रखने का अर्थ है कि हम समस्याओं पर सोचना बंद कर दें और नायक के भाषण, कपड़े, मीडिया, जलवे, शोहरत के क़िस्सों में समय व्यतीत करने लगें। ऐसा लगता है कि नायक केंद्रित राजनीति की वजह से आज की राजनीति में मीडिया और प्रचार ने सार्वजनिक जीवन से बुनियादी समस्याओं पर बहस को गायब कर दिया है।

 

पूरी बातचीत को सुनने के बाद अम्मा जी बोलीं कि आज की बातचीत का उद्देश्य यह है कि हम तय करे कि हमें क्या चाहिए नायक केंद्रित राजनीति या विषय केंद्रित राजनीति? मुझे दुःख है कि हमारी राजनीति में जनता की समस्याएँ केन्द्र में नहीं रहतीं, नायक केन्द्र में रहता है। इस पर विचार होना चाहिए।


तभी चाची बोल उठीं - अम्मा जी, आपकी बात सही है कि हमारे देश की राजनीति में जनता की समस्याएँ केन्द्र में नहीं रहतीं, नायक केन्द्र में रहता है। यदि हम इस स्थिति का विश्लेषण करें तो ऐसा लगता है जैसे हम अभी भी सामंतवादी तरीके से सोचते हैं। राजशाही चली गई पर सामंतवादी सोच नहीं गई। काश हम विषय केंद्रित राजनीति पर ध्यान देते। ऐसा लगा जैसे सभी औरतों के मुख पर चिंता का भाव उभर आया हो और आज की बातचीत पर यहीं विराम लग गया। 

 

यह कथा-श्रृंखला, पाठको को समर्पित है। आप पढ़े, आनंद लें, टिप्पणी करें, दूसरों को पढ़ाएँ, अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करें। स्वागत है आपके सुझावों और टिप्पणियों का।

 

कल्पना और तथ्यों के घालमेल से लिखी यह कथा-श्रृंखला रुचिकर लगेगी, ऐसा मेरा विश्वास है। कथा में दिए सभी चित्र प्रतीकात्मक हैं तथा इंटरनेट से साभार लिए गए हैं। 

कथा-श्रृंखला - हमारी अम्मा और पड़ौस की चाची की चौपाल - 13

कथा-श्रृंखला - हमारी अम्मा और पड़ौस की चाची की चौपाल

''''''''''''''''''

लेखक - केशव राम सिंघल

''''''''''''''''''  

13

 

आज जब औरतें मिली तो सरोज बुआ ने बताया - मैंने माननीया राष्ट्रपति के फेसबुक पेज पर फोटो देखी जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाक़ात की।

 

सुमन मामी बोलीं - यही तो हमारे देश की विशेषता है। यह बात सही है कि आदरणीय द्रोपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव के वक्त भाजपा द्वारा खड़ी गई उम्मीदवार थीं, पर चुने जाने के बाद वे सबकी हैं, पूरे देश के लिए राष्ट्रपति हैं। उनका सम्मान पूरे देश का सम्मान है।

 

अम्मा जी कहने लगीं कि हमारे पास तो पुराना वाला मोबाइल ही है, जिसमें हम बात सुन सकते है और कह सकते हैं। हमें भी तो दिखाओ यह फोटो।

 

तभी मोहल्ले की एक औरत ने फोटो दिखाई तो अम्मा जी बोली - यही तो हमारे देश के जनतंत्र की ताकत है।

 

तभी चाची बोली - अम्मा जी, जब राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम आया था तभी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति बनने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई  दी थी और कहा था कि वे राष्ट्रपति से जल्द मिलना चाहेंगी। द्रौपदी मुर्मू और सोनिया की ये तस्वीर हमारे लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत तस्वीर है क्योंकि जब कोई नेता देश के सर्वोच्च पद पर बैठ जाता या जाती है तो वह दलीय राजनीति से ऊपर उठ जाता है। अपनी बात जारी रखते हुए चाची ने कहा - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 19 अगस्त 2022 को राष्ट्रपति भवन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ शंकर दयाल शर्मा को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। यही तो हमारे देश की खासियत है कि हम पिछलों को भी सम्मान देते हैं, याद करते हैं।

 


बात बदलते हुए सुमन मामी बोली - अम्मा जी, मैंने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का एक ट्वीट पढ़ा, जिसमें लिखा है - "मेरे पास भाजपा का संदेश आया है- “आप” तोड़कर भाजपा में आ जाओ, सारे सीबीआई ईडी के केस बंद करवा देंगे। मेरा भाजपा को जवाब - मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूँ, राजपूत हूँ। सर कटा लूँगा लेकिन भ्रष्टाचारियो-षड्यंत्रकारियों के सामने झुकूँगा नहीं। मेरे ख़िलाफ़ सारे केस झूठे हैं। जो करना है कर लो।" अम्मा जी ये मामला क्या है?

 

अम्मा जी कुछ बोल पातीं, चाची बोली - दवाब की राजनीति खेल रही है भाजपा। मनीष सिसोदिया देश में है और कहीं भागा नहीं, फिर भी मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया हुआ है। यह क्या मजाक है?

 

चाची का रोष भरा अंदाज देखकर सभी चुप हो गए, तब अम्मा जी बोलीं - दिल्ली सरकार द्वारा बनाई नई शराब नीति के खिलाफ दिल्ली के उपराज्यपाल की तरफ से सीबीआई जाँच की सिफारिश की गई थी। कुछ लोगों को लगता है कि दिल्ली में मनीष सिसोदिया ने घोटाला किया है और भाजपा यह मानकर चल रही है कि वे मनीष सिसोदिया को इस मामले में फँसा लेंगे। यह घोटाला है या नहीं, अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। एक बात है कि अब इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। एक तरफ मनीष सिसोदिया और अरविन्द केजरीवाल ताल ठोककर खड़े हैं और मोदी और शाह के गृह राज्य में हिम्मतनगर और भावनगर में दौरा भी किया है और वहाँ जनता के सामने अपनी बात रखते हुए अपनी एक्साइज पालिसी के बारे में कहा है कि यह पालिसी अपनी तरह की सर्वोत्तम पालिसी थी, जिससे सरकार को दस हजार करोड़ रुपये की आमदनी होती, पर निवर्तमान लेफ्टिनेंट गवर्नर ने अंतिम क्षणों में पालिसी से छेड़छाड़ करके पालिसी में बदलाव करवाए, जिससे सब कुछ बदल गया।

 

तभी चाची बोलीं - इस मामले से जनता में सन्देश जा रहा है कि भाजपा अपने विरोधियों के खिलाफ सीबीआई ईडी जैसी संस्थाओं को राजनीतिक बदले की भावना से पीछे लगा देती है, गिरफ्तार कर लेती है। ऐसा लगता है कि भाजपा नेतृत्व अपने विरोधियों से डरा हुआ है और बदले की भावना से काम कर रहा है।

 

शैलबाला व्यंग्य करते हुए बोली - रुपया गिर रहा है, महँगाई चरम पर है, बेरोज़गारी ख़त्म नहीं हो रही और सत्तापक्ष सीबीआई ईडी खेल खेल रहा है।डरपोक सत्ता जब-जब घबराती है सीबीआई ईडी इनकम टैक्स से डराती है।

शैलबाला की तीखी बात सुनकर सभी चुप रह गए। वैसे धीरे से एक महिला बोलीं कि आप लोग तो आम आदमी पार्टी के पक्ष में बात कह रही हो। कहीं आग लगी होगी तभी तो धुआँ उठा होगा। यदि कुछ है तभी तो जाँच की बात उठी है। सरकार ऐसे ही किसी को क्यों फंसाएगी।

राजरानी ज्यादातर चुप रहती है, जब जरुरत होती है तभी बोलती है, सुनती अधिक है, उम्र में भी मोहल्ले की अन्य औरतों के मुकाबले कम उम्र की है। उसने अपनी बात शुरू करते हुए कहा - मैं आपको एक जानकारी देना चाहती हूँ कि कांग्रेस सितम्बर माह में भारत जोड़ों यात्रा के लिए व्यापक तैयारी कर रही है।

 


चाची ने पूछा - क्या है ये यात्रा और क्या है इसका लक्ष्य?

 

राजरानी ने बताया - भारत जोड़ो यात्रा का लक्ष्य है हमारे देश को एक बार फिर से जोड़ना। यह यात्रा 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू होकर बारह राज्यों से गुज़रते हुए जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी और लगभग एक सौ पचास दिनों तक चलेगी। इस दौरान 3,500 किलोमीटर से अधिक का सफर तय किया जाएगा। राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेतागण इस यात्रा में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। जो लोग यात्रा में शामिल होने में सक्षम नहीं हैं, वे यात्रा के संदेश को ऑनलाइन माध्यमों से लोगों तक पहुँचाने में सहयोग करेंगे।

 

अम्मा जी ने कहा - अच्छा, तो कांग्रेस अपने आप को पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रही है। देखते हैं उनका यह प्रयास कहाँ तक सफल हो पाता है। उन्होंने राजरानी से कहा कि इस बारे में और जानकारी दे।

 

राजरानी ने बताया कि इस भारत जोड़ो यात्रा में समाज के हर वर्ग के हजारों लोग एक साथ चलेंगे और जनता देखेगी। इस यात्रा में विविधता में एकता की झलक स्पष्ट दिखाई देगी। कांग्रेस का प्रयास है कि भारत जोड़ो यात्रा को ‘यात्रा उत्सव’ का रूप देने की। इस यात्रा के दौरान इसमें गीत-संगीत और अन्य प्रतियोगिताएँ भी आयोजित होंगी जिनमें जनता भाग ले सकेगी। कांग्रेस ने लोगों को इस यात्रा में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा है कि हमारे साथ जुड़ें और भारत जोड़ें।

 

भार्गव आंटी कहने लगी - 2024 की तैयारी शुरू हो रही है। देखो, ऊँट किस करवट बैठता है।

 

तभी चाची ने राजरानी से पूछा - कांग्रेस की इस भारत जोड़ो यात्रा का रूट क्या होगा?

 

राजरानी ने बताया - यह यात्रा कन्याकुमारी से प्रारम्भ होगी और फिर तिरुवंतपुरम जाएगी, इसके बाद कोच्ची, नीलांबुर, मौसुरु, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव जामोद, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अम्बाला, पठानकोट और जम्मू होते हुए श्रीनगर तक जाएगी। इस प्रकार यह यात्रा बारह राज्यों में से होकर गुजरेगी।

 


चाची ने पूछा - भारत में कितने राज्य हैं?

 

भार्गव आंटी ने बताया - वर्तमान भारत में 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश है।

 

चाची ने कहा - तब तो भारत के बहुत से राज्य कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से छूट जाएँगे। देखते हैं क्या होता इस यात्रा में। 

 

तभी शैलबाला बोली - आये दिन हम सुनते हैं कि कांग्रेस के फलाँ नेता ने कांग्रेस छोड़ दी। पहले कांग्रेस अपने नेताओं को तो जोड़कर रखे।

 

चाची बोली - कांग्रेस से नेता छोड़ रहे हैं तो कांग्रेस का शुद्धिकरण हो रहा है। जिनका मन हो छोड़े। ये नेता जिन पार्टियों में जा रहे हैं वे दूषित हो रही हैं। कांग्रेस की विचारधारा और दूसरी पार्टियों की विचारधारा में बहुत अंतर है। जनता सब देखती है। यह खेल बहुत हो रहा है। आने वाले समय में क्या होगा, यह तो समय ही बतलाएगा।

 

शैलबाला ने कहा - पहले से कमजोर कांग्रेस इन नेताओं के छोड़ने से और कमजोर हो रही है। चलो, आने वाले समय में देखते हैं कि भारत जोड़ो यात्रा का कुछ फ़ायदा कांग्रेस को मिला या नहीं।

 

यह कथा-श्रृंखला, पाठको को समर्पित है। आप पढ़े, आनंद लें, टिप्पणी करें, दूसरों को पढ़ाएँ, अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करें। स्वागत है आपके सुझावों और टिप्पणियों का।

 

कल्पना और तथ्यों के घालमेल से लिखी यह कथा-श्रृंखला रुचिकर लगेगी, ऐसा मेरा विश्वास है। कथा में दिए सभी चित्र प्रतीकात्मक हैं तथा इंटरनेट से साभार लिए गए हैं।

 

बुधवार, 14 सितंबर 2022

कथा-श्रृंखला - हमारी अम्मा और पड़ौस की चाची की चौपाल - 12

कथा-श्रृंखला - हमारी अम्मा और पड़ौस की चाची की चौपाल

''''''''''''''''''

लेखक - केशव राम सिंघल

'''''''''''''''''' 

12    

 

जब भी हमारे मोहल्ले की औरतें बातचीत करती हैं तो उनके विषय पहले से निर्धारित तो होते नहीं, पर कोई बात किसी ने कह दी बस उसी पर चर्चा शुरू हो जाती है। कभी-कभी तो ऐसा लगता है कि ये औरतें बहुत कुछ जानती हैं।

 

अम्मा जी ने बताया कि मैंने कहीं पढ़ा कि पतंजलि गाय के घी का सैम्पल फेल हुआ है, प्रयोगशाला में मिलावट के साथ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया गया है इस घी को।

 

चाची बोली कि मैंने नहीं सुनी यह खबर। हमारे घर तो पतंजलि का ही घी आता है। मैं मुन्ना से कहूँगी कि वास्तविक जानकारी पता लगाए। वैसे बाबा रामदेव तो हर समय शुद्धता का दावा करते है अपने उत्पादों पर।

 

शैलबाला ने बताया कि पतंजलि ब्रांड गाय के घी का सैंपल खाद्य संरक्षा और औषधि विभाग के द्वारा साल 2021 में दीपावली के पर्व पर टिहरी जनपद के घनसाली में एक दुकान से सैंपल भरा गया था। जिसके बाद सैंपल को राज्य की प्रयोगशाला में जाँच के लिए भेजा गया था तो, सैंपल फेल पाया गया। जिसके बाद खाद्य संरक्षा विभाग के द्वारा पतंजलि कंपनी को नोटिस जारी किया तो, कंपनी ने राज्य की लैबोरेट्री को रिपोर्ट को गलत साबित किया। जिसके बाद फिर से खाद्य संरक्षा विभाग के द्वारा केंद्रीय प्रयोगशाला में सैंपल भेजा गया तो केंद्रीय प्रयोगशाला में भी पतंजलि ब्रांड गाय के घी का सैंपल फेल पाया गया। जिसके बाद खाद्य संरक्षा विभाग कंपनी के खिलाफ टिहरी के एडीएम कोर्ट में वाद दायर करने जा रही है। खाद्य संरक्षा अभिहित अधिकारी एमएन जोशी ने कहा कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट के अनुसार पतंजलि घी में मिलावट और घी मानकों के अनुरूप ना मिलने और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया गया है।

 

चाची बोली - तो अब यह मामला कोर्ट में है। कंपनी अपने विज्ञापन में कहती रही है कि पतंजलि गाय का घी पोषक गुणों से भरपूर और एक आदर्श आहार है। गाय का घी स्मरणशक्ति, बुद्धि, पाचन शक्ति, वसा को बढ़ाता है। वजन बढ़ाने की चाहत रखने वालों के लिए घी का नियमित सेवन या आहार में घी को शामिल करने की सलाह दी जाती है। मैं मुन्ना से कहूँगी कि ये भी पता लगाए कि क्या कंपनी एफएसएसएआई (FSSAI) मानकों का पालन करती है।

 


तभी शैलबाला ने पूछा - ये एफएसएसएआई (FSSAI) मानक क्या होता है?

 

अम्मा जी बताने लगीं - एफएसएसएआई भोजन के मानकों को स्थापित करने के लिए उत्तरदायी राष्ट्रीय मानक संस्था है। खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता के लिए एफएसएसएआई किसी भी भोजन में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक, पोषक गुणों, भोजने के रंग, महक, आकार इत्यादि की जाँच करता है। जाँच में सही पाए जाने के बाद ही उसे विक्रेताओं द्वारा बाजार में बेचा जाता है। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत एफएसएसएआई निश्चित रूप से खाने में मिलावट पर नियंत्रण करने का कार्य करता है और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करता है।

 

चाची बोली - हाँ, अम्मा जी, आजकल खाने की कोई चीज खरीदों उसके पैकेट पर एफएसएसएआई (FSSAI) का सन्दर्भ और एक्सपायरी डेट छपी रहती है।

 

शैलबाला कहने लगी - हाँ, मैं तो हरदम एक्सपायरी डेट देखकर ही खाने की चीज खरीदती हूँ, पर दालें, चावल आदि बहुत सी चीजें तो हम अभी भी खुली ही खरीदते हैं पास के दुकानदार से। खुली में चीजें सस्ती मिलती हैं, जबकि पैकिंग के बाद वही चीज दस-बीस प्रतिशत महँगी मिलती है।

 

चाची बोली - सो तो है। यदि कोई चीज खुली खरीदों तो देखभाल के खरीदों। हमारे यहाँ तो  सिंधी की किराने की दुकान से खरीदें जाते हैं दाल, चावल आदि। कोई चीज अगर गलत आ भी जाती है तो वह वापिस ले लेता है। आजकल वैसे भी ज्यादातर चीजें पैकिंग में आने लगी हैं। सिंधी की किराने की दुकान अपने एरिया में करीब पिचहत्तर साल पुरानी होगी। वह खुद भी ध्यान रखता है कि कोई गलत चीज ग्राहक के पास जाने न पाए। सिंधी दादा ने शुरू की थी यह दुकान जब वे उन्नीस सौ सैतालिस में पाकिस्तान से भारत आए थे। तब तो छोटी सी दुकान थी उनकी, पर व्यवहार उनका बहुत ही अच्छा था। अपना सब कुछ पाकिस्तान में गँवाकर आए थे, पर यहाँ आकर मेहनत, लगन और ईमानदारी से शुरू की अपनी दुकान तो आज इतनी बड़ी है और दुकान की प्रतिष्ठा भी खूब है।

 


भार्गव आंटी कहने लगीं - बात तो आप लोग सही कह रही हो। पिछले दिनों कोरोना काल में मैं तो परेशान थी। बच्चे तो रोजगार के कारण बाहर रहते हैं। हम बुढ्ढे-बुढ़िया बाजार जा नहीं पा रहे थे तब इनके यहाँ से ही हमारे यहाँ सामान आ जाता था। हम लोग व्हाट्सएप्प से सामान की लिस्ट भेज देते थे और इनके यहाँ से सामान घर आ जाता था और हम भुगतान भी ऑनलाइन कर देते थे।

 

शैलबाला बोली - आपको आता है ऑनलाइन पेमेंट करना?

 

भार्गव आंटी बोली - अरे यह सब हमें अपने मोहल्ले की गुल्लू और इनु ने सिखाया। उन्होंने ही हमारे मोबाइल में पेटीएम और गूगल पे का एप्प इंस्टाल किया और भुगतान कैसे करें सब कुछ सिखाया। हालाँकि दोनों अभी छोटी है, पर जानती बहुत कुछ हैं। हमें यह भी बताया कि अपना मोबाइल संभाल कर रखा करो और पासवर्ड किसी को मत बताना।

 

शैलबाला बोली - भार्गव आंटी, बहुत खूब। वैसे भी आजकल के बच्चे बहुत कुछ जानते हैं। एक दिन मेरा मोबाइल चल नहीं रहा था, मैं बहुत परेशान थी। पर घर के बच्चों ने उसे पता नहीं कैसे ठीक कर दिया।

 

गुल्लू और इनु की माताएँ भी वहाँ खड़ी थीं, यह सब सुनकर बहुत खुश हुईं।

 

चाची कहने लगीं - आजकल तो बच्चे पैदा होते ही मोबाइल चलाना सीख जाते हैं। अम्मा जी बोलीं - तुम सही कहती हो। अब तो उस्ताद पैदा होते हैं बच्चें।

 

यह कथा-श्रृंखला, पाठको को समर्पित है। आप पढ़े, आनंद लें, टिप्पणी करें, दूसरों को पढ़ाएँ, अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करें। स्वागत है आपके सुझावों और टिप्पणियों का।

 

कल्पना और तथ्यों के घालमेल से लिखी यह कथा-श्रृंखला रुचिकर लगेगी, ऐसा मेरा विश्वास है। कथा में दिए सभी चित्र प्रतीकात्मक हैं तथा इंटरनेट से साभार लिए गए हैं।