रविवार, 21 सितंबर 2025

अमेरिका का नया H-1B वीज़ा शुल्क और प्रभाव

अमेरिका का नया H-1B वीज़ा शुल्क और प्रभाव 

***** 









एयरपोर्ट का प्रतीकात्मक चित्र साभार NightCafe 

अमेरिका अब विदेशी पेशेवर लोगों को अपनी धरती पर आने से रोकने के लिए H-1B वीज़ा के लिए एक लाख डॉलर वार्षिक की वीजा फीस लगाने की घोषणा की है, जो पिछली फीस से सौ गुना है। वीसा की यह वार्षिक फीस 21 सितंबर 2025 से लागू हो गई है, पर अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि यह नए H-1B वीज़ा अनुरोधों पर लागू होगी, और कंपनियों को प्रत्येक आवेदक के लिए छह वर्षों तक यह फीस देनी होगी। अब हम यह समझते हैं कि यह H-1B वीज़ा क्या है। H-1B वीज़ा एक गैर-आप्रवासी वीज़ा है जो अमेरिका में विशेषज्ञता वाले पदों (जैसे टेक, इंजीनियरिंग, बैंकिंग, शिक्षा आदि) पर विदेशी कुशल श्रमिकों / पेशेवरों को काम करने की अनुमति देता है। यह मुख्य रूप से अमेरिकी संस्थानों द्वारा विदेशी प्रतिभा को नौकरी देने के लिए उपयोग किया जाता है, और इसकी अधिकतम अवधि छह वर्ष होती है।

 

यह बढ़ी हुई H-1B वीज़ा फीस सभी H-1B वीज़ा के नए आवेदकों पर लागू होगी, चाहे वे किसी भी राष्ट्रीयता के हों। भारत से H-1B वीजा के लिए सबसे अधिक आवेदक होते हैं, अतः भारतीय आवेदकों पर इसका प्रभाव अधिक होगा। 


एक प्रश्न लोग पूछ रहे हैं कि क्या यह  बढ़ी हुई वीजा फीस उन भारतीयों पर भी लागू होगी जो फिलहाल अमेरिका में वीज़ा अनुमति लेकर रह रहे हैं और आने वाले समय में उनकी वीज़ा अवधि समाप्त होने वाली है। ऐसा पता चला है कि वर्तमान H-1B धारकों पर यह तत्काल प्रभाव नहीं डालेगी, लेकिन भविष्य में एक्सटेंशन, ट्रांसफर या रिन्यूअल के लिए नए पिटीशन पर यह फीस लागू हो सकती है। यदि वे अमेरिका से बाहर जाते हैं और दोबारा अमेरिका में प्रवेश लेते हैं, तो  बढ़ी हुई फीस लागू हो सकती है। री-एंट्री पर फीस तभी लागू होगी, जब नया पिटीशन (आवेदन) फाइल करना पड़े। ट्रंप प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह फीस केवल नए H-1B आवेदनों (पिटीशन्स) पर लागू होगी, न कि मौजूदा वीज़ा धारकों पर—जिससे कुछ लोगों की चिंताएँ कम हो सकती हैं। हालांकि, घबड़ाहट और अनिश्चितता के कारण कई प्रभाव देखने को मिल रहे हैं। ट्रंप प्रशासन ने यह भी कहा है कि "रश बैक" की जरूरत नहीं है।


अमेरिका ने वीसा शुल्क बढ़ाने का निर्णय अमेरिकी श्रमिकों की सुरक्षा, वेतन मानकों को मजबूत करने और H-1B प्रोग्राम में दुरुपयोग को रोकने के लिए लिया गया है। इसका उद्देश्य कंपनियों को अमेरिकी स्नातकों को ट्रेनिंग देने और अमेरिकियों को नौकरी देने के लिए प्रोत्साहित करना है, साथ ही विदेशी श्रमिकों को केवल उच्च प्रबंधन पेशेवरों तक सीमित करना है। यह कानूनी आव्रजन को नियंत्रित करने की ट्रंप प्रशासन की नीति का हिस्सा है।


एक प्रश्न सामने आया कि क्या अमेरिका की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि उन्हें अपने आयातों पर भारी भरकम टेरिफ और वीसा शुल्क में बढ़ोतरी करनी पढ़ रही है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुधर सके।  इसके उत्तर में हमें पता चला कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था वर्तमान में मजबूत है, जिसमें इस वर्ष की तीसरी तिमाही में प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जीडीपी ग्रोथ 3.3% है । टैरिफ और वीज़ा फीस सम्बन्धी नीतियाँ मुख्य रूप से संरक्षणवादी हैं, जिनका उद्देश्य अमेरिकी नौकरियों की रक्षा और घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना है। बढे हुए टैरिफ से उपभोक्ताओं पर बोझ बढ़ सकता है, लेकिन बढे हुई वीजा फीस से उपभोक्ताओं पर कोई बोझ नहीं बढ़ेगा, बल्कि यह विदेशी पेशेवरों पर अमेरिका आने पर रोक लगाएगा, जिससे अमेरिका के युवाओं को अधिक रोजगार अवसर मिल सकेंगे।  


वीसा शुल्क बढ़ाने के अन्य प्रभाव क्या हो सकते है, आओ इस पर चर्चा करें। बढ़ी हुई वीजा फीस अमेरिकी कंपनियों के लिए लागत बढ़ाएगी, खासकर छोटे व्यवसायों और स्टार्टअप्स के लिए, जिससे विदेशी प्रतिभा को आकर्षित करना मुश्किल हो जाएगा। इससे अमेरिकी नवाचार और आर्थिक विकास प्रभावित हो सकता है, श्रम की कमी हो सकती है, और यह आशंका कि बहुत सी कंपनियाँ ऑटोमेशन, ऑफशोरिंग या अन्य देशों में ऑपरेशंस शिफ्ट कर सकती हैं। H-1B आवेदनों की संख्या कम हो सकती है, और भारतीय आईटी पेशेवरों पर विशेष प्रभाव पड़ेगा, लेकिन यह अमेरिकी पेशेवरों  के लिए नौकरियां बढ़ा सकती है। 


अमेरिकी कंपनियाँ बढ़े हुए H-1B वीज़ा शुल्क से बचने के लिए आउटसोर्सिंग (outsourcing) का रास्ता अपनाने या अन्य देशों में अपने ऑफिस खोलने पर विचार कर सकती हैं। यह पहले से ही एक सामान्य प्रथा है, और नई बड़ी हुई वार्षिक  वीजा फीस, जो 21 सितंबर 2025 से लागू हो गई है, इस प्रथा को और अधिक आकर्षक बना सकती है। क्यों? आओ इसे समझते हैं। बड़ी हुई H-1B वीज़ा फीस के तहत विदेशी कर्मचारियों को अमेरिका में लाने और रखने की लागत अब बहुत अधिक हो जाएगी। इससे कंपनियाँ, खासकर टेक और आईटी सेक्टर की, अपने काम को सीधे भारत, फिलीपींस, मैक्सिको या पूर्वी यूरोप जैसे देशों में आउटसोर्स कर सकती हैं, जहाँ कुशल पेशेवर कम लागत पर उपलब्ध हो जाएँगे और अमेरिकी कंपनियों को कोई वीज़ा फीस नहीं देनी होगी। कई अमेरिकी कंपनियाँ जैसे माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, अमेज़न आदि पहले से ही भारत में बड़े ऑपरेशंस चला रही हैं, और यह प्रवृत्ति बढ़ सकती है। अमेरिकी  कंपनियाँ भारत या अन्य देशों में सब्सिडियरी ऑफिस या डेवलपमेंट सेंटर खोलने पर विचार कर सकती हैं, जहाँ स्थानीय प्रतिभा को कम लागत पर रखा जा सकता है। अमेरिकी कंपनियाँ भारतीय आईटी फर्म्स जैसे इंफोसिस, टीसीएस आदि के साथ पार्टनरशिप बढ़ सकती है, या स्वयं नए केंद्र स्थापित कर सकती हैं। यह वीजा फीस वृद्धि नए आवेदनों को हतोत्साहित करेगी और ऑफशोरिंग को तेज करेगी। इससे अमेरिकी कंपनियाँ अपनी लागत कम रख सकती हैं और नवाचार भी जारी रख सकती हैं, लेकिन काम की गुणवत्ता, टाइम ज़ोन अंतर और संचार विशेष चुनौतियाँ सामने आएँगी, जिन्हे कंपनियों को सुलझाना होगा। वीजा फीस वृद्धि के कारण भारत जैसे देशों में अधिक निवेश और नौकरियाँ पैदा हो सकती हैं, क्योंकि कुशल पेशेवरों के लिए स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। अमेरिका की यह नीति अमेरिका पर ही  विपरीत प्रभाव डाल सकती है, क्योंकि अमेरिकी नौकरियों के अवसर अमेरिकी युवाओं को मिलने के बजाय बहुत सा काम विदेश चला जाएगा, जिससे लोकल अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है। जहाँ ट्रैम्प प्रशासन की इस नीति का उद्देश्य अमेरिकी पेशेवरों को प्राथमिकता देना है, लेकिन यह नीति उन्हीं की कंपनियों को विदेशी शिफ्टिंग के लिए प्रेरित कर सकता है, हालाँकि उनकी रणनीति, बाजार की मांग और अन्य कारकों पर निर्भर करेगा।  यह स्पष्ट करना जरूरी है कि वर्तमान में कोई आधिकारिक प्रतिबंध अमेरिकी कंपनियों के भारत में ऑपरेशंस पर नहीं है। भारत में GCCs (Global Capability Centers) बढ़ रहे हैं, और यह नीति भारत में अमेरिकी कंपनियों के कामकाज को और बढ़ा सकती है।


कुछ ख़बरों से पता चला है कि ट्रम्प प्रशासन के इस निर्णय से अमेरिका में रह रहे भारतीय पेशेवरों में चिंता बढ़ा दी है।  दीपावली त्यौहार पर भारत आने की योजना बना रहे अनेक H-1B वीजा धारको ने अपने टिकट कैंसल कराए हैं। कुछ लोग जो छुट्टियाँ लेकर भारत आए हुए हैं, वे तुरत अमेरिका जाने के लिए कोशिश में लगे हुए हैं। अनेक अमेरिकी कंपनियों ने अपने H-1B वीजा धारक कर्मियों को जल्द अमेरिका लौटने या अभी अमेरिका नहीं छोड़ने के लिए निर्देश जारी किए हैं। लोगों में घबड़ाहट (पैनिक) शुरुआती अनिश्चितता के कारण था, क्योंकि फीस की घोषणा शुक्रवार 19 सितम्बर 2025 को हुई और स्पष्टता बाद में आई। ट्रंप प्रशासन ने बाद में कहा कि मौजूदा धारकों को "रश बैक" की जरूरत नहीं है। 


भारत सरकार अमेरिका के निर्णय को "मानवीय प्रभाव" वाला मानती है और अमेरिका से चर्चा कर रही है। भारत के व्यापार संघ National Association of Software and Service Companies (Nasscom) ने अमेरिका की वीजा फीस बढ़ोतरी को "अनुचित" बताया है। कुछ विशेषज्ञों ने चिंता जताई है और अपनी राय व्यक्त की है कि जब ट्रम्प प्रशासन भारतीयों को अमेरिका आने से रोकने के लिए नीति बना रहा है तो क्यों अमेरिकी कंपनियों को भारत में व्यापार करने की इजाजत मिले।  


सादर, 

केशव राम सिंघल 



मंगलवार, 16 सितंबर 2025

राष्ट्रीय सड़क रख-रखाव नीति की आवश्यकता

राष्ट्रीय सड़क रख-रखाव नीति की आवश्यकता

********* 









प्रतीकात्मक चित्र साभार NightCafe 

भारत में सड़कों का जाल पूरे देश में फैला हुआ है और नित नई सड़कें बन रही हैं। लेकिन, समय पर रख-रखाव और मरम्मत न होने के कारण अनेक सड़कें टूट जाती हैं, जिनसे दुर्घटनाएँ होती हैं और जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। जान-माल का नुकसान भी होता है। सड़क निर्माण जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण उनका समुचित रख-रखाव है। इस दिशा में एक राष्ट्रीय सड़क रख-रखाव नीति बनाना समय की आवश्यकता है, जिसके निम्न प्रमुख बिंदु हों –


1. सड़क वर्गीकरण और जिम्मेदारी निर्धारण


   * ग्राम पंचायत सड़के – जिम्मेदारी ग्राम पंचायत / ब्लॉक पंचायत।

   * नगर निगम/नगर पालिका की सड़कें – जिम्मेदारी नगर निगम / नगर पालिका।

   * राज्य सरकार की सड़कें (राज्य राजमार्ग, जिला सड़कें) – जिम्मेदारी PWD (लोक निर्माण विभाग)।

   * केंद्र सरकार की सड़कें (राष्ट्रीय राजमार्ग) – जिम्मेदारी NHAI/केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय।


2. शिकायत और समय-सीमा


   * नागरिकों की सुविधा हेतु एक राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म / मोबाइल ऐप बने, जिस पर फोटो और लोकेशन सहित टूटी सड़क की शिकायत दर्ज हो सके।

   * शिकायत दर्ज होने के बाद निश्चित समय-सीमा में मरम्मत हो –


     * ग्राम पंचायत और नगर निगम/नगर पालिका सड़के – 2 दिन

     * राज्य सरकार की सड़कें – 5 दिन

     * केंद्र सरकार की सड़कें – 10 दिन


3. जनभागीदारी और पारदर्शिता


   * शिकायत दर्ज होने पर एक ट्रैकिंग नंबर मिले।

   * नागरिक शिकायत की स्थिति (Pending / Under Repair / Completed) देख सकें।

   * मरम्मत पूर्ण होने के बाद नागरिक फीडबैक और तस्वीर अपलोड कर सकें।


4. फंड और गुणवत्ता नियंत्रण


   * प्रत्येक स्तर पर एक अलग सड़क रख-रखाव कोष बनाया जाए।

   * छोटे गड्ढों की तुरंत मरम्मत के लिए इंस्टेंट रिपेयर तकनीक का प्रयोग हो।

   * स्वतंत्र एजेंसियाँ मरम्मत की गुणवत्ता की जाँच करें।


5. जवाबदेही और प्रोत्साहन


   * समय पर और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत करने वाले प्राधिकरण को प्रशंसा और अतिरिक्त बजट मिले।

   * लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई हो। 


सार 


सड़कें प्रत्येक देश की अर्थव्यवस्था और जनजीवन की धमनियाँ होती हैं। भारत में सड़क निर्माण के साथ-साथ अब समयबद्ध रख-रखाव और मरम्मत के लिए नीति एवं ठोस प्रक्रियाएँ बनाना अत्यंत आवश्यक है। राष्ट्रीय सड़क रख-रखाव नीति से दुर्घटनाएँ कम होंगी, जनता को राहत मिलेगी और देश का विकास मार्ग और सुगम होगा।


पाठकों से निवेदन है कि इस सम्बन्ध में जागरूकता अभियान चलाएँ, जागरूकता लेख समाचार पत्रों को और उचित प्रस्ताव पत्र राज्य और केंद्र सरकार को भेजें, ताकि उचित नीति और प्रणाली बन सके। पाठकों की प्रतिक्रिया और विचार आमंत्रित हैं। 


सादर, 

केशव राम सिंघल 



बुधवार, 2 जुलाई 2025

यहूदी-ईसाई-मुस्लिम-डूज समुदाय, यरूशलम और इजरायल - 1

यहूदी-ईसाई-मुस्लिम-डूज समुदाय, यरूशलम और इजरायल - 1 

************* 









प्रतीकात्मक चित्र साभार NightCafe 

इस आलेख शृंखला में हम यहूदी, ईसाई, मुस्लिम और डूज समुदायों के बारे में चर्चा करेंगे और साथ ही यरूशलम और इजरायल के बारे में संक्षिप्त जानकारी देंगे।  


अरब रेगिस्तानी इलाका था और वहाँ के लोग घुमन्तु थे, जो लड़ते बहुत थे। अरब के लोगों में महिलाओं की स्थिति बहुत खराब थी। सबसे पहले अरब में यहूदी धर्म आया, जिसकी शुरुआत पैगम्बर अब्राहम लगभग 2000 ईसा पूर्व अर्थात आज से लगभग 4000 वर्ष पूर्व मानी जाती है।  यहूदी धर्म के बाद ईसाई धर्म पहली शताब्दी ईस्वी में शुरू हुआ और इस्लाम सातवीं शताब्दी ईस्वी करीब 610 ईस्वी में आया। ड्रूज (Druze) समुदाय का आगमन 10वीं-11वीं सदी (लगभग 986-1021 ईस्वी) में हुआ, जब यह इस्लाम के इस्माइली शाखा से अलग होकर एक स्वतंत्र धर्म बना।  इस प्रकार यहूदी धर्म सबसे प्राचीन (करीब 2000 ईसा पूर्व), फिर ईसाई धर्म (1वीं सदी), फिर इस्लाम (7वीं सदी) आया—ड्रूज इन सबसे बाद में अस्तित्व में आए।


इन चारों धर्मों में कई समानताएँ हैं, लेकिन कुछ ख़ास अंतर भी हैं। यहूदी, मुस्लिम और डूज धर्म एकेश्वरवादी हैं अर्थात् ईश्वर एक है। ईसाई धर्म में भी एक ईश्वर है, लेकिन वे त्रिमूर्ति (पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा) को मानते हैं। ईसाई धर्म में ईसा को भगवान् का पुत्र और उद्धारकर्ता माना जाता है। इस्लाम में ईसा को पैगम्बर माना जाता है, लेकिन ईश्वर का पुत्र नहीं। यहूदी धर्म ईसा को न तो मसीहा मानता है और न ही पैगम्बर। डूज समुदाय एक अनोखा एकेश्वरवादी धार्मिक और जातीय समूह है, जो मुख्यतः लेबनान, सीरिया, इजरायल और जॉर्डन में पाया जाता है। ये लोग अरबी बोलते हैं, लेकिन न तो खुद को मुस्लिम मानते हैं और न ही यहूदी या ईसाई। इनकी धार्मिक मान्यताएँ अलग हैं और इनकी धार्मिक पहचान भी ख़ास है।  


यहूदी धर्म का धार्मिक ग्रन्थ ड्रूज समुदाय का पवित्र ग्रंथ टोरा है, ईसाई धर्म का बाइबिल और इस्लाम का धार्मिक ग्रन्थ कुरान है। डूज समुदाय का पवित्र ग्रन्थ "रिसालत अल-हिकमा" (Epistles of Wisdom/किताब अल-हिकमा) है, जिसे सिर्फ उनके धार्मिक विद्वान ही पढ़ सकते हैं। 


यरूशलम तीनों धर्मों (यहूदी, ईसाई और इस्लाम) के लिए आस्था का स्थान है। यहूदी धर्म मानने वालों के लिए यरूशलम सबसे पवित्र शहर है, यहीं उनका प्राचीन मंदिर था, जिसे वे भगवान् का निवास स्थान मानते आए हैं। ईसाई धर्म के मानने वालों के लिए यरुशलम वह स्थान है जहां यीशु मसीह को सूली पर चढ़ाया गया, दफनाया गया और यहीं उनका पुनरुत्थान हुआ। इस्लाम में मक्का और मदीना के बाद यरुशलम तीसरा पवित्र शहर है। कहा जाता है कि यहीं से पैगम्बर ने मेराज (स्वर्ग की यात्रा) की थी और यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद है। यरुशलम डूज (Druze) समुदाय के लिए यहूदी, ईसाई और मुस्लिम धर्मों जितना महत्वपूर्ण नहीं है। यरुशलम मुख्य रूप से यहूदी, ईसाई और इस्लाम धर्म के लोगों के लिए पवित्र शहर माना जाता है, लेकिन डूज समुदाय के धार्मिक केंद्र और तीर्थ स्थल लेबनान, सीरिया और इज़राइल के अन्य हिस्सों में हैं, न कि यरुशलम में। यरुशलम शहर का प्रशासन और रख-रखाव मुख्य रूप से इजरायल सरकार के पास है, लेकिन धार्मिक स्थलों की देखरेख उनके अपने धार्मिक ट्रस्ट या संगठनों द्वारा की जाती है। तीनों धर्मों के लोग आमतौर पर अपने-अपने पवित्र स्थलों पर जा सकते हैं, पर सुरक्षा कारणों से या तनाव के कारण कभी-कभी पाबंदिया लग जाती हैं, खासकर अल-अक्सा मस्जिद को लेकर मुस्लिमों के लिए।  


यहूदी और इस्लाम दोनों ही एकेश्वरवादी अर्थात् एक भगवान् को मानने वाले धर्म हैं और दोनों की जड़े अब्राहम से जुडी हैं, फिर भी यहूदी इस्लाम के बीच मन-मुटाव के कई कारण हैं। इस्लाम मानता है कि पैगम्बर मुहम्मद अंतिम पैगम्बर हैं, जबकि यहूदी इसे नहीं मानते।  इस्लाम धार्मिक ग्रन्थ कुरान और यहूदी धार्मिक ग्रन्थ टोरा की व्याख्याएँ अलग हैं। पैगम्बर मुहम्मद के समय यहूदियों ने इस्लाम स्वीकार नहीं किया, जिससे दोनों धर्म मानने वालों के बीच टकराव शुरू हुआ और कई लड़ाईयाँ हुईं। 1948 में इजरायल बनने के बाद अरब देशों और इजरायल के बीच जमीन और यरुशलम जैसे पवित्र स्थलों को लेकर कई विवाद और संघर्ष हुए। यहूदी, ईसाई और इस्लाम तीनों यरूशलम को पवित्र मानते हैं, लेकिन वहाँ नियंत्रण को लेकर लगातार संघर्ष चलता है। झगडे की जड़ सिर्फ धर्म नहीं, बल्कि राजनीति, इतिहास और जमीन का विवाद है। 


शेष अगले आलेख में .......... 


सादर, 

केशव राम सिंघल 


शनिवार, 7 जून 2025

शून्य की पूर्णता

शून्य की पूर्णता

****** 










शून्य चित्र साभार - ओपनएआई (OpenAI)


शून्य है — 

निराकार, 

निर्वात (रिक्तता), 

फिर भी है पूर्णता का आधार। 


शून्य गणित की वह संख्या है, जिसे किसी भी संख्या में जोड़ने या घटाने पर मूल संख्या में कोई परिवर्तन नहीं होता। शून्य शब्द संस्कृत के "śūnya" (शून्य) से आया है, जिसका अर्थ है – रिक्त, शून्यता।


100 + 0 = 100 

100 - 0 = 100 


शून्य एक अंक है जो संख्याओं के निरूपण के लिये प्रयुक्त आज की सभी स्थानीय मान पद्धतियों का अपरिहार्य प्रतीक है। इसके अलावा यह एक संख्या भी है। दोनों रूपों में गणित में इसकी अत्यन्त महत्वपूर्ण भूमिका है। पूर्णांकों तथा वास्तविक संख्याओं के लिये यह योग का तत्समक अवयव (additive identity) है। 


हम सामान्यतः शून्य का प्रयोग खाली या 'कुछ नहीं' को दर्शाने के लिए करते हैं, परंतु उसी शून्य में बहुत कुछ समाहित है। यदि आप इसे गहराई से जानना चाहें, तो पहले स्वयं को जानिए। 


जब हमने शून्य को और गहराई से समझने का प्रयास किया, तो इसके निम्न अर्थ सामने आए — 


1. वह स्थान जिसमें कुछ भी न हो / खाली स्थान


2. आकाश


3. एकांत स्थान / निर्जन स्थान


4. बिंदु / बिंदी / सिफर (अरबी मूल का शब्द, जिसका अर्थ है – कुछ नहीं) 


5. अभाव / राहित्य / कुछ न होना। जैसे —तुम्हारे हिस्से में शून्य है।


6. स्वर्ग


7. विष्णु


8. ईश्वर 

कहैं एक तासों शिवे शून्य एकै। कहैं काल एकै महा विष्णु एकै। कहैं अर्थ एकै परब्रह्म जानो। प्रभा पूर्ण एकै सदा शून्य मानो।


9. कान में पहना जाने वाला एक गोलाकार आभूषण, जिसे शून्य रूप या ‘शून्य’ कहा जाता है।


शून्य की खोज भारत की एक अद्वितीय देन है। आर्यभट्ट और ब्रह्मगुप्त जैसे गणितज्ञों ने शून्य को एक गणितीय संकल्पना के रूप में प्रस्तुत किया। ब्रह्मगुप्त (7वीं शताब्दी) ने शून्य के गणितीय नियमों को परिभाषित किया और इसे अन्य संख्याओं के साथ जोड़ने, घटाने आदि के सिद्धांत दिए। 


भारतीय दर्शन में शून्य को 'शून्यता' या निर्वाण के रूप में देखा गया है — जो न केवल अंत है, बल्कि एक नई चेतना का आरंभ भी है। बौद्ध दर्शन में ‘शून्यता’ (Śūnyatā) का तात्पर्य है कि कोई भी वस्तु स्थायी, स्वतंत्र या आत्मनिष्ठ नहीं है — सब कुछ आपसी निर्भरता से उत्पन्न होता है। यही बोध व्यक्ति को मोक्ष की ओर ले जाता है।


शून्य और ब्रह्म (अद्वैत दृष्टिकोण) में शून्य को 'परब्रह्म' या 'पूर्णता' का प्रतीक माना गया है — "पूर्णमदः पूर्णमिदं पूर्णात् पूर्णमुदच्यते।" यहाँ ‘पूर्ण’ का अर्थ भी शून्य की ही भांति है — एक ऐसा खालीपन जो पूर्ण है। 


गणित में शून्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। दशमलव पद्धति की नींव शून्य पर ही आधारित है। कंप्यूटर विज्ञान की बाइनरी प्रणाली (0 और 1) में भी शून्य एक मूलभूत आधार है। इसके बिना आधुनिक विज्ञान, गणित और तकनीक की कल्पना नहीं की जा सकती। 


पश्चिमी दुनिया में शून्य की अवधारणा 9वीं शताब्दी में अरब गणितज्ञों के माध्यम से पहुँची, जिन्होंने भारतीय अंकों और दशमलव पद्धति को अपनाया।


सार रूप में कह सकते हैं कि शून्य में कुछ नहीं, पर शून्य में हैं बहुत कुछ। 


शून्य —

जहाँ कुछ नहीं, वहीं से बहुत कुछ शुरू होता है।

यह खाली नहीं, बल्कि अनंत की संभावना है।


गणित में संतुलन,

दर्शन में मौन,

और अध्यात्म में मोक्ष —

सब समाहित है शून्य में।


प्रसिद्द कथन - "Zero is not nothing; it is the beginning of everything." (शून्य कुछ नहीं नहीं है; यह सब कुछ का आरंभ है।) 


 शून्य —

जहाँ अंत है, वहीं आरंभ भी है। 

जहाँ मौन है, वहीं संगीत भी है।

जहाँ खालीपन है, वहीं समग्रता है।


शून्य — नकार नहीं, बल्कि अनंत की ओर पहला कदम है।


सादर, 

केशव राम सिंघल 



शुक्रवार, 6 जून 2025

क्रिप्टोकरेंसी पर चीन का सख्त रुख - वैश्विक प्रभाव और भारत की नीतियाँ

क्रिप्टोकरेंसी पर चीन का सख्त रुख - वैश्विक प्रभाव और भारत की नीतियाँ

********** 










क्रिप्टोकरेंसी का प्रतीकात्मक चित्र - साभार NightCafe 

चीन ने क्रिप्टोकरेंसी (बिटकॉइन, इथेरियम, सोलाना,डॉजकॉइन, एडीए आदि) पर कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। मई 2025 तक की जानकारी के आधार पर, चीन ने न केवल क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग और माइनिंग पर प्रतिबंध लगाया है, बल्कि व्यक्तिगत क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग को भी अवैध घोषित कर दिया है। कुछ अपुष्ट रिपोर्टों में दावा किया गया है कि चीन में क्रिप्टो वॉलेट पर कार्रवाई की गई है, लेकिन ब्लॉकचेन की प्रकृति के कारण यह तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण है। फिर भी, चीन सरकार ने क्रिप्टोकरेंसी से संबंधित गतिविधियों पर सख्त निगरानी और दंडात्मक कार्रवाइयाँ शुरू कर दी हैं, जिसमें मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध वित्तीय गतिविधियों को रोकने के लिए कदम शामिल हैं। चीन में क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग पर भी प्रतिबन्ध लग गया है।  


चीन द्वारा क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध के कारण


चीन में क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध लगाने के पीछे निम्नलिखित प्रमुख कारण हैं - 


- मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध गतिविधियाँ - चीन सरकार का मानना है कि क्रिप्टोकरेंसी का उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग, कर चोरी, और आतंकवादी वित्तपोषण जैसी अवैध और अपराध गतिविधियों के लिए हो सकता है, क्योंकि यह विकेन्द्रीकृत और गुमनाम है।


- वित्तीय स्थिरता को खतरा - क्रिप्टोकरेंसी की अस्थिरता और अनियमित प्रकृति को चीन सरकार वित्तीय प्रणाली के लिए खतरा मानती है, जो पूंजी प्रवाह और मौद्रिक नीति को प्रभावित कर सकती है।


- डिजिटल युआन को बढ़ावा - चीन अब अपनी केंद्रीकृत डिजिटल मुद्रा, डिजिटल युआन (e-CNY), को बढ़ावा देना चाहती है, जो सरकार द्वारा नियंत्रित है। क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध लगाकर, सरकार डिजिटल युआन को प्राथमिकता देना चाहती है।


- ऊर्जा खपत और पर्यावरण - क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग, विशेष रूप से बिटकॉइन, भारी मात्रा में ऊर्जा की खपत करता है, जो चीन के कार्बन न्यूट्रैलिटी लक्ष्यों के विपरीत है। 


चीन के क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबन्ध लगाने का प्रभाव 


चीन के क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबन्ध लगाने के फैसले का यह प्रभाव पड़ा है कि तमाम क्रिप्टोकरेंसी में गिरावट आई है। कुछ देश क्रिप्टोकरेंसी को नियमन के दायरे में ला रहे हैं, जबकि अन्य (जैसे अल सल्वाडोर) इसे अपनाने की दिशा में बढ़ रहे हैं। चीन में क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग पर प्रतिबन्ध के कारण माइनर्स उन देशों का रुख करेंगे, जहाँ क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग पर प्रतिबन्ध नहीं है। 


विश्व में क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध लगाने वाले देश


विश्व में कई देशों ने क्रिप्टोकरेंसी पर पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध लगाए हैं। निम्नलिखित कुछ प्रमुख देश हैं - 


- चीन - जैसा कि ऊपर बताया गया, क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग, माइनिंग, और होल्डिंग पर पूर्ण प्रतिबंध।

- उत्तर कोरिया - क्रिप्टोकरेंसी पर पूर्ण प्रतिबंध, क्योंकि इसे अवैध गतिविधियों से जोड़ा जाता है।

- बोलीविया - 2014 से क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध, क्योंकि यह बोलीविया केंद्रीय बैंक की नीतियों को कमजोर करता है।

- अल्जीरिया - 2018 से क्रिप्टोकरेंसी खरीद, बिक्री, और उपयोग पर प्रतिबंध।

- मोरक्को - 2017 से क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन पर प्रतिबंध, मनी लॉन्ड्रिंग की चिंताओं के कारण।

- नेपाल - 2017 से क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध, क्योंकि नेपाल में इसे अवैध माना जाता है।

- मिस्र - 2018 में क्रिप्टोकरेंसी को गैर-कानूनी घोषित किया गया, धार्मिक और वित्तीय स्थिरता के आधार पर।

- इराक - क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन पर प्रतिबंध, वित्तीय नियंत्रण बनाए रखने के लिए।


कुछ देशों जैसे बांग्लादेश, कतर, और सऊदी अरब में आंशिक प्रतिबंध हैं, जहाँ क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग को सीमित किया गया है, लेकिन पूर्ण प्रतिबंध नहीं है। इसके विपरीत, अल सल्वाडोर जैसे देशों ने बिटकॉइन को कानूनी मुद्रा के रूप में स्वीकार किया है। 


भारत में क्रिप्टोकरेंसी को लेकर भारत सरकार के कदम


भारत में क्रिप्टोकरेंसी का नियमन एक जटिल और विकासशील मुद्दा है। भारत सरकार ने निम्नलिखित कदम उठाए हैं -


- कोई स्पष्ट प्रतिबंध नहीं - भारत में क्रिप्टोकरेंसी पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं है, लेकिन इसे कानूनी मुद्रा के रूप में भी मान्यता नहीं दी गई है। 2020 में सुप्रीम कोर्ट ने RBI द्वारा 2018 में लगाए गए क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन पर प्रतिबंध को हटा दिया था। 


- कर व्यवस्था - 2022 के केंद्रीय बजट में, भारत सरकार ने क्रिप्टोकरेंसी से होने वाली आय पर 30% टैक्स और प्रत्येक लेनदेन पर 1% TDS (स्रोत पर कर कटौती) लागू किया। भारत सरकार का यह कदम क्रिप्टोकरेंसी को डिजिटल संपत्ति के रूप में मान्यता देता है, न कि मुद्रा के रूप में। 


- नियामक ढांचे की योजना - भारत सरकार ने 2021 में "क्रिप्टोकरेंसी और आधिकारिक डिजिटल मुद्रा विनियमन विधेयक" प्रस्तावित किया था, जिसका उद्देश्य निजी क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध और RBI द्वारा डिजिटल रुपये को बढ़ावा देना था। हालांकि, यह विधेयक अभी तक लागू नहीं हुआ है।


- मनी लॉन्ड्रिंग नियम - 2023 में, भारत में क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग को मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत लाया गया, जिसके तहत एक्सचेंजों को केवाईसी (KYC) और लेनदेन की निगरानी करनी होती है। 


- विदेशी एक्सचेंजों पर कार्रवाई - 2024 में, वित्त मंत्रालय ने बायनेंस जैसे कुछ विदेशी क्रिप्टो एक्सचेंजों के वेबसाइट (URL) पर प्रतिबंध लगाया, क्योंकि वे भारतीय नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। 


- भारतीय रिजर्व बैंक की सतर्कता - भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और गवर्नर शक्तिकांत दास ने क्रिप्टोकरेंसी को वित्तीय स्थिरता के लिए खतरा बताया है और इसे "जुआ" की तरह माना है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) डिजिटल रुपये (CBDC) के पायलट प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है।


सार 


चीन ने क्रिप्टोकरेंसी पर सख्त प्रतिबंध लगाए हैं, जो वित्तीय नियंत्रण, मनी लॉन्ड्रिंग की रोकथाम, और डिजिटल युआन को बढ़ावा देने की रणनीति का हिस्सा है। विश्व में कई अन्य देशों ने भी क्रिप्टोकरेंसी पर पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध लगाए हैं। भारत में क्रिप्टोकरेंसी का नियमन प्रारंभिक चरण में है। कराधान और मनी लॉन्ड्रिंग नियमों के माध्यम से सरकार इसे नियंत्रित करने की दिशा में काम कर रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI)  का डिजिटल रुपया भविष्य में क्रिप्टोकरेंसी के विकल्प के रूप में उभर सकता है।


सादर,

केशव राम सिंघल 


(आलेख-लेखक सेवानिवृत बैंक अधिकारी हैं तथा 'बिटकॉइन क्या है' किंडल पुस्तक के लेखक हैं, जो अमेजन पर उपलब्ध है।)