शुक्रवार, 28 अप्रैल 2023

कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए विश्व दिवस (World Day for Safety and Health at Workplace)

कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए विश्व दिवस 

(World Day for Safety and Health at Workplace)

============

सरकारी या निजी संस्थानों में नौकरी करने वाले लोगों का ज्यादातर वक्त उनके कार्यस्थल में गुजरता है, ऐसे में कार्यस्थल परिसर में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना एक बड़ी अपेक्षा है, जिसे हर कर्मचारी चाहता है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हर साल 28 अप्रेल को कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए विश्व दिवस (World Day for Safety and Health at Workplace) मनाया जाता है। हर साल यह विश्व दिवस एक खास विषय (Theme) के साथ  कार्यस्थल में कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। 


अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं और बीमारियों को रोकने के लिए साल 2003 में पहली बार यह विश्व दिवस मनाना शुरू किया था। कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए विश्व दिवस 2023 एक मौलिक सिद्धांत (fundamental principle) और कार्यस्थल पर अधिकार के रूप में एक सुरक्षित और स्वस्थ कामकाजी माहौल के विषय पर मनाया जा रहा है। एक सुरक्षित और स्वस्थ कार्य वातावरण एक मौलिक सिद्धांत और कार्यस्थल पर हर कार्मिक का अधिकार है।


जून 2022 में, अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन (ILC) ने ILO के मौलिक सिद्धांतों और काम पर अधिकारों के ढांचे में "एक सुरक्षित और स्वस्थ कार्य वातावरण" को शामिल करने का निर्णय लिया। कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए विश्व दिवस 2023 के लिए अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने एक पोस्टर  भी जारी किया, जिसे इस आलेख के साथ भी प्रदर्शित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने विशेष रूप से व्यावसायिक सुरक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित 40 से अधिक मानकों (standards) के साथ-साथ 40 से अधिक अभ्यास संहिताओं (Codes of Practice) को अपनाया है। अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के लगभग आधे दस्तावेज प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से व्यावसायिक सुरक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों से सरोकार रखते हैं।











अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संस्था (ISO - International Organization for Standardization) ने इसी विषय-क्षेत्र के लिए आईएसओ 45001:2018 मानक विकसित किया है, जो संस्थाओं को व्यावसायिक स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली कार्यान्वित करने के लिए अपेक्षाओं के साथ उपयोग के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता है। इस मानक की अंतिम समीक्षा 2022 में की गई थी और तदुपरांत इसकी पुष्टि की गई, इसलिए आईएसओ 45001:2018 मानक का 2018 संस्करण ही वर्तमान मानक है, जिसे संस्थाएँ लागू कर सकती हैं।


भारत में भारतीय मानक ब्यूरो (Bureau of Indian Standards) ने 'कार्यस्थल पर सामाजिक उत्तरदायित्व - अपेक्षाओं' पर एक भारतीय मानक IS 16001:2012 विकसित किया है, जो कार्यस्थल पर अच्छे कार्य वातावरण से जुड़े विषयों को सम्बोधित करता है। मुझे इस लेख के पाठकों को यह बताते हुए हर्ष है कि इस मानक को विकसित करने वाली भारतीय मानक ब्यूरो की समिति में मेरी बेटी डॉ दिव्या सिंघल एक सदस्य रही है। जानकारी में आया है कि इस मानक को फिर से संशोधित किया जा रहा है। 


आइये, हम कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं और बीमारियों को रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाएँ और उपयुक्त कदम उठाएँ। 


विश्व कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य दिवस पर बधाई और शुभकामनाएँ। 


- केशव राम सिंघल 




कोई टिप्पणी नहीं: